Uttarakhand-राज्य में लगातार बढ़ रहा तापमान…… मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट

उत्तराखंड राज्य में बारिश की कमी के कारण तापमान में लगातार बढ़ोतरी दर्ज हो रही है और इस दौरान फरवरी में ही गर्मी सामान्य से काफी अधिक बढ़ चुकी है तथा पिछले कई सालों के रिकॉर्ड टूट रहे हैं। उत्तराखंड में बारिश कम होने के कारण मौसम इतनी जल्दी गर्म हो रहा है तथा मौसम विभाग ने उत्तराखंड में आगामी दो दिनों तक तापमान बढ़ने का अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग द्वारा राज्य में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि राज्य की राजधानी देहरादून में बीते रविवार को लगातार दूसरे दिन पारा काफी उच्च स्तर पर रहा और इस सीजन का सबसे अधिक तापमान बीते रविवार को देहरादून में रहा। देहरादून में रविवार को 28.5 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था और वहीं न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी हुई। शनिवार को भी दून में सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया था और पंतनगर का तापमान बीते रविवार को 27.8 डिग्री रहा। मुक्तेश्वर में 21.6, नई टिहरी में 19.4 से बढ़कर तापमान 22 डिग्री पहुंच गया है। यही नहीं बल्कि पहाड़ों की रानी मसूरी में जहां सबसे अधिक ठंड रहती है वहां भी तापमान में काफी अधिक बढ़ोतरी हो रही है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक रोहित थपलियाल द्वारा बताया गया है, कि प्रदेश में मौसम शुष्क बना रहेगा और तापमान 2 दिनों तक और अधिक बढ़ सकता है जिसे लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी कर दिया गया है। यही नहीं बल्कि तापमान में बढ़ोतरी से हिमस्खलन की संभावना भी बनी रहेगी। बढ़ते हुए तापमान के बीच लोगों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। फरवरी में तापमान असामान्य होने के कारण लोगों को कई बीमारियों का सामना भी करना पड़ रहा है और यदि बारिश नहीं हुई तो इस बार भीषण गर्मी का सामना भी करना पड़ सकता है।