
देहरादून| राज्य में गलत वेतन ले रहे शिक्षकों से वसूली के निर्देश दिए गए हैं| इसके लिए जिलों से हर महीने रिपोर्ट मांगी गई थी लेकिन अब तक निदेशालय को कोई भी रिपोर्ट नहीं मिली है|
मुख्य शिक्षा अधिकारियों को वित्त नियंत्रण मो. गुलफाम अहमद द्वारा दिए निर्देश में कहा गया है कि शिक्षा विभाग में गलत वेतन तय कर शिक्षकों को इसका भुगतान कर दिया गया है| जो शिक्षक और कर्मचारी नियमों के विपरीत तय से अधिक वेतन ले रहे हैं, उसे ठीक कराकर नियमानुसार वेतन भुगतान कराया जाए| निर्देश में कहा गया है कि जिलों से हर महीने की 15 तारीख तक इसकी सूचना मांगी गई थी| लेकिन शिक्षा निदेशालय को इस संबंध में सूचना नहीं मिली| हर महीने तय समय पर जिलों से इस संबंध में जानकारी उपलब्ध कराए जाने के साथ ही हर माह 10 तारीख को इसकी समीक्षा की जाए|
मामले में जूनियर हाईस्कूल शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष रघुवीर पुंडीर का कहना है कि विभाग शिक्षकों से वेतन की वसूली का निर्देश जारी कर उनका मानसिक उत्पीड़न कर रहा है| इस प्रकरण में पहले ही हाईकोर्ट से रोक लगी है| यदि इसके बाद भी इस तरह के निर्देश जारी किए जाएंगे तो वह कोर्ट की अवमानना होगी|

