आक्रोश -: गेस्ट टीचरों ने किया 13 दिसंबर से अनिश्चितकालीन आंदोलन का ऐलान

देहरादून| निलंबित मांगों को लेकर माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ ने 13 दिसंबर से शिक्षा निदेशालय में अनिश्चितकालीन धरने का ऐलान किया है| गेस्ट टीचर उनके पदों को खाली न मानने और गृह जिलों में तैनाती के प्रस्ताव को कैबिनेट में मंजूरी के बाद भी शासनादेश नहीं होने से नाराज है|


माध्यमिक अतिथि शिक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक भट्ट के अनुसार, 4 जुलाई 2021 की कैबिनेट में उनके प्रस्ताव को मंजूरी मिली थी| लेकिन अब तक इसका शासनादेश जारी नहीं हुआ है| यही वजह है कि प्रदेश में गेस्ट टीचर प्रभावित हो रहे हैं| उन्होंने कहा प्रदेश में 4 हजार से अधिक गेस्ट टीचर कार्यरत हैं, जो पिछले कई वर्षों से दूरदराज के क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे हैं| लेकिन प्रदेश सरकार उनके हितों की अनदेखी कर रही है| अब तक उनके सुरक्षित भविष्य को लेकर कोई नीति नहीं बनाई गई| कैबिनेट में जो प्रस्ताव आया उस पर भी विभाग की ओर से अमल नहीं हुआ|
सभी जिला अध्यक्षों व ब्लॉक अध्यक्षों को पत्र लिखकर 13 दिसंबर को देहरादून पहुंचने के लिए कहा गया है| देहरादून में एकत्र होने के बाद अनिश्चितकालीन आंदोलन शुरू होगा|