
उत्तराखंड में अंकिता हत्याकांड के बाद उस वीआईपी गेस्ट का नाम सामने नहीं आया था जिसके कारण अंकिता को अपनी जान गवानी पड़ी| लेकिन अब उस वीआईपी का नाम उजागर होने की उम्मीद जताई जा रही है| क्योंकि हत्यारोपियों का नार्को टेस्ट कराने के लिए एसआईटी ने शुक्रवार को न्यायालय में अर्जी दे दी है| जिस पर न्यायालय सोमवार को सुनवाई करेगा| इसकी हां या ना पर भी सोमवार को ही फैसला हो सकता है|
शुरुआत से ही वीआईपी के नाम के खुलासे की मांग की जा रही है और हर कोई वीआईपी का नाम जानना चाहता है| पुलिस पर भी आरोप लग रहे हैं कि जानबूझकर वीआईपी का नाम उजागर नहीं किया जा रहा है| राजनीतिक दल भी इस बात को उठा चुके हैं|
अंकिता के परिजनों ने भी कुछ दिन पहले नार्को टेस्ट कराने की मांग की थी| इस पर एसआईटी भी विचार करने लगी थी|
एडीजी लॉ एंड ऑर्डर वी मुरुगेशन ने कहा कि एसआईटी ने वीआईपी का नाम जानने के लिए नार्को टेस्ट का फैसला किया है| शुक्रवार को न्यायालय में अर्जी दे दी गई है| अर्जी पर दोनों पक्षों को सोमवार को सुना जाएगा| जिसके बाद नार्को टेस्ट कराने या ना कराने का फैसला होगा| पुलिस ने पूरी तैयारी कर ली है|
नार्को टेस्ट में आरोपी वीआईपी का नाम बता सकते हैं| साथ ही नहर किनारे वास्तव में क्या हुआ था यह भी बता सकते हैं| इसके अलावा अंकिता के साथ कुछ गलत किया या नहीं इस बात की भी जानकारी नार्को टेस्ट से मिल सकती है| साथ ही इस मामले में उनका कोई और मददगार है या नहीं और मोबाइल नहर में फेंके है या फिर कहीं और छुपाए हैं यह जानकारी भी टेस्ट से मिल सकती है|

