
हल्द्वानी| हाकम सिंह के बाद अब नकल माफिया व गैंगस्टर चंदन मनराल की संपत्ति कुर्क करने की तैयारी हो रही है| स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) अकूत संपत्ति में शामिल जमीन, वाहन व भवन की कीमतों का आकलन कर चुकी है| स्टोन क्रेशर की कीमत आंकने के लिए प्रशासन की मदद ली जा रही है| इसके लिए एसटीएफ ने जिलाधिकारी को पत्र भी लिखा है|
बताते चलें कि रामनगर निवासी चंदन मनराल राज्य अधीनस्थ सेवा चयन आयोग, वीपीडीओ और वर्ष 2015 में हुई दरोगा भर्ती घोटाले का आरोपी है| उसका हर सरकार में दखल रहा है| एनजीओ के माध्यम से उसने वन ग्रामों में स्कूल चलाए| यहां भर्ती शिक्षकों को सरकारी नौकरी दिलाने में चंदन का हाथ होने बताया जाता है| उसने एनजीओ के माध्यम से नौकरशाहों से सांठगांठ की और किसी भी परीक्षा में युवाओं से पैसे लेकर पास कराने का दम रखने लगा|
एसटीएफ के अधिकारियों के अनुसार, हाकम के साथ मिलकर चंदन मनराल परीक्षाओं में फर्जीवाड़ा करता था| इसकी संपत्ति हाकम से भी ज्यादा निकली है| अभी तक एसटीएफ 10 करोड़ की संपत्ति मान रही है| लेकिन स्टोन क्रेशर की कीमत का सही आकलन नहीं हुआ है| इसके लिए एसटीएफ के अधिकारियों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा है| जिसमें प्रशासन की मदद मांगी गई है| इसके बाद पता चलेगा कि चंदन ने कितनी अवैध संपत्ति फर्जीवाड़ा कर अर्जित की है|
बता दें कि चंदन मनराल को कहीं से राहत मिलती नजर नहीं आ रही है| पूरी संपत्ति जांच के दायरे में आई है| वहीं दूसरी ओर दरोगा भर्ती घोटाले में विजिलेंस उनसे पूछताछ भी कर सकती है| साक्ष्य पुख्ता होने पर गिरफ्तारी भी होगी|
