
बीते दिनों गुरुग्राम के इफ्को चौक के पास सूटकेस में मिले महिला के शव की पहचान करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी पति को गिरफ्तार किया है| मृतक की पहचान मूल रूप से यूपी के सुल्तानपुर निवासी 20 वर्षीय प्रियंका के रूप में हुई है| महिला ने पिछले साल 2 फरवरी को राहुल नामक युवक से प्रेम विवाह किया था| 3 दिन पहले घरेलू कलह के दौरान राहुल ने ही अपने पत्नी प्रियंका की हत्या कर दी थी| पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवती के शरीर पर कई जगह जलने के निशान भी मिले थे| साथ ही उसके गुप्तांग पर भी चोट मारी गई थी| सूटकेस में महिला का शव होने की सूचना पुलिस को एक ऑटो रिक्शा चालक ने दी थी| इस पर मामला दर्ज करते हुए डीएलएफ थाना पुलिस ने जांच शुरू की| विभिन्न स्रोतों से जानकारी एकत्र करते हुए अगले दिन ही महिला की पहचान कर ली गई|
मिली जानकारी के अनुसार महिला अपने पति के साथ सिरहौल गांव में किराए पर रहती थी| पुलिस का शक मृतका के पति पर गया, क्योंकि आरोपी की तरफ से पुलिस को किसी तरह की शिकायत नहीं दी गई थी| पुलिस ने आरोपी को पहले ही दिन मंगलवार को सिरहौल से हिरासत में ले लिया| सख्ती से पूछताछ की गई और आरोपी ने अपना गुनाह कबूल कर लिया| आरोपी ने घरेलू कलह के चलते पत्नी की हत्या करने की बात स्वीकार की|
बताते चलें कि कुत्तों के बार-बार सूटकेस को सूंघने की घटना को लेकर लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी थी| मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी विस्फोटक की आशंका से घेराबंदी कर ली| आसपास के लोगों को दूर हटा दिया| मौके पर बम निरोधी दस्ते को भी बुलाया गया| इसी बीच सूटकेस को जब खोला गया तो उसमें महिला का शव मिला| सूटकेस के अंदर महिला के कुछ कपड़े भी रखे थे|
