
उत्तराखंड राज्य में बीते दिनों हुई लगातार बारिश के कारण केदारनाथ में काफी बर्फबारी भी हुई। बता दें कि अब बारिश थमने के बाद भी केदारनाथ धाम के आसपास लगातार हिमस्खलन हो रहा है जिससे जिला प्रशासन अलर्ट मोड पर आ गया है। हालांकि अभी तक राहत की बात यह है कि किसी भी यात्री को इस हिमस्खलन के दौरान कोई नुकसान नहीं पहुंचा लेकिन इसे देखते हुए जिला प्रशासन रुद्रप्रयाग सख्ती बरतने लगा है। बता दें कि हिमस्खलन के कारण केदारनाथ धाम के पास स्थित चौराबाड़ी और वासुकी ताल पर जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है।
गर्मियों में ट्रैकर और पर्यटकों के लिए यह दोनों ही स्थल काफी पसंदीदा रहते हैं मगर अब मौसम की मार को देखते हुए यहां जाना प्रतिबंधित कर दिया गया है। इन दोनों रूटों पर बार-बार मौसम बदलता है जिससे पर्यटकों की जान पर भी खतरा बना रहता है। पिछले दिनों बरसात में केदारनाथ के इन क्षेत्रों में काफी बर्फबारी भी हुई और तापमान शून्य से कम पहुंच गया जिससे बार-बार हिमस्खलन हो रहा है। इसलिए इस खतरे को देखते हुए जिला प्रशासन ने वहां जाने पर पाबंदी लगा दी है।
