वर्तमान समय में बच्चों के दिलों दिमाग पर सोशल मीडिया काफी हावी हो चुका है और बच्चे अपने शौक पूरे करने के लिए किसी भी हद तक जा रहे हैं। बता दें कि एक ऐसा ही मामला पंजाब से आया है जहां पर 13 वर्षीय बच्चा स्कूल की क्लास बंक करके 300 किलोमीटर की दूरी साइकिल से तय कर दिल्ली पहुंचा। केवल अपने फेवरेट यूट्यूबर निश्चय मल्हान से मिलने के लिए। जी हां अपने फेवरेट यूट्यूबर निश्चय मल्हान से मिलने के लिए पंजाब का 13 वर्षीय बच्चा 300 किलोमीटर की दूरी तय कर साइकिल से दिल्ली पहुंच गया। बच्चा घर से लापता होने के 3 दिन बाद दिल्ली में देखा गया। पुलिस ने उसे पीतमपुरा के एक पार्क से खोजा जहां मल्हान का घर है।
बच्चा जब पंजाब से निकला तो उसके माता-पिता ने बच्चे के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद बच्चे की खोजबीन शुरू की गई। पुलिस ने इलाके के सभी रेजिडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के व्हाट्सएप ग्रुप पर लड़के के बारे में जानकारी साझा कर दी तथा सीसीटीवी फुटेज के जरिए पुलिस ने बच्चे को खोज निकाला। सीसीटीवी फुटेज में बच्चा मल्हान के घर के पास एक साइकिल पर दिखाई दे रहा था। पुलिस की टीम ने उसके रास्ते को फॉलो किया और बच्चे को पीतमपुरा के जिला पार्क से खोज निकाला। हालांकि बच्चा इतनी दूरी तय करने के बाद भी मल्हान से नहीं मिल पाया क्योंकि इस दौरान मल्हान एक पारिवारिक समारोह में शामिल होने के लिए दुबई गया हुआ था।