Uttarakhand- मूर्ति विसर्जन के बाद गंगा में नहाने वक्त डूबा व्यक्ति….. अभी तक नहीं मिला कोई सुराग

उत्तराखंड राज्य के हरिद्वार में दुर्गा पूजा महोत्सव के बाद मूर्ति विसर्जन के लिए गए 38 व्यक्तियों के ग्रुप का एक सदस्य शिवपुरी में गंगा स्नान के दौरान डूब गया। जिसका अभी तक कोई भी सुराग नहीं लग पाया है। बता दें कि यह लोग दिल्ली से हरिद्वार आए हुए थे जिसके बाद मूर्ति विसर्जन कर यह लोग शिवपुरी मुनिकिरेती घूमने आए। गंगा में नहाते वक्त डूबे हुए व्यक्ति की तलाश में एसडीआरएफ और आपदा प्रबंधन की टीम द्वारा अभियान चलाया गया मगर व्यक्ति का कोई भी पता नहीं चल पाया।

इस मामले में मुनिकिरेती थाना प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह द्वारा जानकारी दी गई है कि पटेल नगर दिल्ली से दुर्गा पूजा महोत्सव के बाद मूर्ति विसर्जन हेतु 38 व्यक्तियों का एक ग्रुप हरिद्वार आया था। इसी ग्रुप का एक सदस्य 36 वर्षीय मोहित चौरसिया पुत्र स्वर्गीय शिव प्रसाद चौरसिया निवासी ए- 71 बाबा फरीद पुरी वेस्ट पटेल नगर दिल्ली गंगा में नहाने के दौरान डूब गया। जिसके बाद उसे तलाशने के लिए अभियान चलाया गया मगर व्यक्ति का कोई भी पता नहीं चल पाया। अंधेरा होने के कारण गुरुवार की रात्रि डूबे हुए व्यक्ति का कुछ भी पता नहीं चल पाया इसलिए आज शुक्रवार के दिन व्यक्ति को तलाशा जाएगा।