
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में पिछले कई दिनों से मानसून सक्रिय होने के कारण बारिश का दौर लगातार जारी है। मूसलाधार बारिश के कारण राज्य के अनेक हिस्सों के लोगों का जनजीवन अस्त- व्यस्त हो गया है। राज्य की राजधानी देहरादून में बारिश के कारण सड़कों और चौराहों पर जलभराव हो गया है जिससे की आवाजाही में काफी दिक्कतें आ रही हैं। यही नहीं बल्कि रायपुर स्थित स्टेडियम में होने वाले मैच को भी बीते बुधवार को रद्द करना पड़ा।
पर्वतीय क्षेत्रों में भी बारिश ने कम तबाही नहीं मचाई है। यहां भारी बारिश के कारण कई जगहों पर भूस्खलन देखने को मिल रहा है तथा आवाजाही भी बाधित हो रही है। राज्य में बीते बुधवार को अधिकतर हिस्सों में आसमान में बादल छाए रहे और दोपहर के बाद हल्की बारिश भी हुई। यही नहीं बल्कि आज दिनांक 22 सितंबर 2022 को गुरुवार के दिन भी मौसम विज्ञान केंद्र द्वारा बताया गया है कि राज्य के मैदानी हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा कुमाऊं के बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत में भारी बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी है। भारी बारिश हो सकती हैं और मौसम का मिजाज बदल सकता है।

