Uttarakhand -: अब बाहरी राज्यों से उत्तराखंड आने पर लगेगा नया टैक्स, पढ़ें पूरी खबर

देहरादून| राज्य में आने वाले दूसरे राज्यों के वाहनों से अब एंट्री टैक्स के स्थान पर ग्रीन सेस लिया जाएगा| यह सेस व्यवसायिक और निजी, दोनों ही प्रकार के वाहनों से लिया जाएगा| इस टैक्स से केवल दोपहिया वाहन और ट्रैक्टर को छूट रहेगी| इस सेस का इस्तेमाल सड़क सुरक्षा के कार्यों के लिए किया जाएगा| जिसके लिए परिवहन विभाग सॉफ्टवेयर तैयार कर रहा है|


बताते चलें कि परिवहन विभाग अभी तक अन्य राज्यों से आने वाले व्यवसायिक वाहनों से एंट्री टैक्स लेता था| उत्तराखंड पर्यटन प्रदेश है| यहां विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में पर्यटक आते हैं| जितना भार राज्य की सड़कों में राज्य के वाहनों का होता है, उससे कहीं ज्यादा भार अन्य राज्यों के वाहनों का होता है| परिवहन विभाग सड़क सुरक्षा के लिए राज्य में नए वाहनों की खरीद अथवा टैक्स जमा कराते समय ग्रीन सेस लेता है लेकिन राज्य के बाहर वाले वाहनों से नहीं|
बताते चलें कि केंद्र ने कुछ समय पूर्व सभी राज्यों से एंट्री टैक्स समाप्त करने को कहा था| ऐसे में परिवहन विभाग एंट्री टैक्स समाप्त कर राज्य के बाहर से आने वाले वाहनों पर भी ग्रीन सेस लगाने की तैयारी में है, जो 30 रुपये से लेकर 60 रुपये तक रखा जाएगा| सेस ऑनलाइन लिया जाएगा क्योंकि विभाग ने अब चेकपोस्ट समाप्त कर दी हैं|