![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0064.jpg)
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में भाजपा मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के जन्मदिवस को संकल्प दिवस के रूप में मनाएगी। बता दें कि राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन आगामी 16 सितंबर 2022 को आने वाला है और इस दौरान प्रदेश में विभिन्न कार्यक्रम भी होने वाले हैं। भाजपा द्वारा प्रेस वार्ता के दौरान इस बात की जानकारी दी गई कि राज्य में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का जन्मदिन संकल्प दिवस के रूप में मनाया जाएगा इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्म दिवस के अवसर पर आगामी 17 सितंबर से 2 अक्टूबर तक सेवा पखवाड़ा मनाया जाने वाला है जिसमें कई रचनात्मक कार्यक्रमो का आयोजन भी होना है।
बीते बुधवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट द्वारा इस बात की जानकारी पत्रकार वार्ता के दौरान दी गई। उन्होंने कहा कि कार्यक्रमों में सभी सांसद, विधायक, जिलों के प्रभारी मंत्री और अन्य जनप्रतिनिधि शामिल रहेंगे तथा संकल्प दिवस के अवसर पर सभी जिलों में भाजयुमो द्वारा संकल्प दौड़ का आयोजन भी किया जाना है। इसके अलावा नदी तटों पर महिला मोर्चा की ओर से 48 संकल्प दीप प्रज्वलित किए जाएंगे तथा देहरादून, हल्द्वानी, काशीपुर, ऋषिकेश, रुद्रपुर और कोटद्वार में गोष्ठियों का आयोजन भी होगा। बता दें कि संकल्प दिवस में होने वाले कार्यक्रमों का जिम्मा कोटद्वार में वरिष्ठ नेता उमेश त्रिपाठी को सौंपा गया है जबकि अन्य स्थानों में वहां के महापौर यह जिम्मेदारी संभालेंगे। संकल्प दिवस के बाद सेवा पखवाड़े के कार्यक्रम होते हैं सेवा पखवाड़े के अंतर्गत अलग-अलग दिन विकास कार्यों की प्रदर्शनी, जनसहयोग से प्रधानमंत्री को डेढ़ लाख शुभकामना पोस्टकार्ड भेजना, स्वच्छता, पौधारोपण, नौले और धारे समेत जल स्रोतों का पूजन व संरक्षण, खादी की वस्तुओं की खरीदारी जैसे कार्यक्रम भी होंगे। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट का कहना है कि संकल्प दिवस के लिए और सेवा पखवाड़े के लिए कार्यक्रमों में भागीदारी हेतु सभी प्रभारी मंत्रियों को निर्देश दे दिए गए हैं।
![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0065.jpg)