
देहरादून। उत्तराखंड राज्य में एक के बाद एक भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी सामने आने के बाद बेरोजगार युवाओं पर इसका असर पड़ रहा है इसके लिए राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने युवाओं से अपील करते हुए कहा है कि युवा निराश ना हो। उन्होंने यह दावा किया है कि बेरोजगार युवाओं के साथ धोखा नहीं किया जाएगा बल्कि राज्य के विभिन्न विभागों में भर्ती हेतु जल्द ही परीक्षा कैलेंडर जारी किया जाएगा।
बता दें कि बीते 10 सितंबर 2022 को शनिवार के दिन सर्वे चौक स्थित आईआरटीडी सभागार में कार्यक्रम के दौरान प्रेस वार्ता करते हुए उन्होंने यूकेएसएसएससी भर्ती प्रकरण पर बयान दिया और कहा कि युवाओं को निराश होने की कोई भी आवश्यकता नहीं है जल्द ही विभिन्न पदों पर भर्ती हेतु परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया जाएगा। उन्होंने इस दौरान पिछली परीक्षाओं में हुई गड़बड़ी को लेकर भी चर्चा की। उनका कहना था कि पेपर लीक करने वालों, नकल कराने के मामले में काफी गंभीरता से कार्यवाही हो रही है और इस मामले में जो भी दोषी होगा उसे किसी भी हालत में बख्शा नहीं जाएगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी द्वारा पांच परीक्षाएं रद्द करने पर उन्होंने युवाओं से कहा कि युवा निराश ना हो उनके साथ अन्याय नहीं होने दिया जाएगा जल्द ही समय बद्ध तरीके से भर्ती परीक्षाएं कराई जाएंगी।उनका कहना था कि भर्ती की जिम्मेदारी उत्तराखंड लोक सेवा आयोग को दी गई हैं और जल्द ही भर्ती के लिए कैलेंडर भी जारी कर दिया जाएगा। रद्द हुई परीक्षाओं के मामले में उन्होंने कहा कि यह सारी परीक्षाएं आरएमएस टेक्नो सॉल्यूशंस प्राइवेट लिमिटेड द्वारा कराई गई है जो कि पेपर लीक प्रकरण में लिप्त है इसलिए उन्होंने संदेह के आधार पर इन परीक्षाओं को निरस्त कर दिया। लेकिन युवाओं को निराश होने की आवश्यकता नहीं है बल्कि जल्द ही राज्य में विभिन्न पदों के लिए भर्ती परीक्षा कैलेंडर जारी कर दिया जाएगा।

