इस दिन देशभर में आंदोलन करेगी कांग्रेस, जानिए वजह

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को बहुचर्चित नेशनल हेराल्ड मामले में ईडी द्वारा समन भेजने के खिलाफ पार्टी केंद्र सरकार के खिलाफ देशभर में आंदोलन करेगी| पार्टी की बैठक में यह फैसला किया गया है| ईडी ने कांग्रेस अध्यक्ष को 21 जुलाई को तलब किया है| इसी दिन पार्टी देश भर में आंदोलन करेगी| जानकारी के मुताबिक सोनिया गांधी को 21 जुलाई को सुबह करीब 11:00 बजे दिल्ली में ईडी मुख्यालय में पूछताछ के लिए पेश होने को कहा गया है| ईडी ने राहुल गांधी से जून में 5 दिनों तक पूछताछ की थी| उस वक्त भी कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं ने ईडी और भाजपा की केंद्र सरकार के खिलाफ देशभर में प्रदर्शन किया था| आज गुरुवार को फिर पार्टी की बड़ी बैठक बुलाई गई है| बैठक में पार्टी के सारे महासचिव, राज्यों के प्रभारी व पीसीसी प्रमुख ‘भारत जोड़ो यात्रा’ व कांग्रेस के अन्य संगठनात्मक कार्यक्रमों पर विचार करेंगे| इस बैठक में पार्टी के शीर्ष नेताओं द्वारा विरोध प्रदर्शन, रैलियों व जनता तक पहुंचने के अन्य कार्यक्रमों के बारे में मंथन किया जाएगा| मिली जानकारी के अनुसार पार्टी ने नेशनल हेराल्ड मामले में जनता के बीच पर्चे बांटने की भी योजना बनाई है| यह पर्चे तैयार किए जा चुके हैं|