
नैनीताल जिले की कथक नृत्यांगना वेदान्ती जोशी का पुनः भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय (सी०सी० आर० टी० ) से मिलने वाली स्कॉलरशिप के लिए चयन हुआ है।
वर्ष 2014 में 11 वर्ष की आयु में मंत्रालय से पहली बार स्कॉलरशिप मिली उसके उपरांत लगातार चौथी बार 2022 मे उन्हें यह स्कॉलरशिप आगामी दो वर्षों के लिए प्रदान की गई है।
वेदान्ती पाँच वर्ष की आयु से अपनी माँ डॉ दीपा जोशी से कथक नृत्य की शिक्षा ले रही है ।
वेदान्ती की शिक्षा की शुरुआत सेंट मेरी नैनीताल से हुई उसके उपरांत सेंट टेरेसा से दसवीं और फिर निर्मला स्कूल कॉमेंट से बारहवीं पास की वर्तमान मे दिल्ली विश्वविद्यालय के हिन्दू कॉलेज से राजनीति (आनर्स) कर रही है।
वेदान्ती कथक नृत्य की कई राज्य व राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं साथ ही वेदान्ती ने देश के कई प्रतिष्ठित मंचों में कथक नृत्य की प्रस्तुतियाँ दी ।
कोरोना महामारी के वैश्विक संकट में लॉक डाउन के समय वेदान्ती ने सोशल मीडिया पर अपनी कला विधा कथक नृत्य के माध्यम से लोगों को जागरूक करने का प्रयास किया। आठ वीडियो कोरोना जागरुकता पर और चार वीडियो पीस ऑफ माइंड पर आधारित हैं। कोरोना पर बने इन वीडियो को राष्ट्रीय चैनल्स व उत्तराखंड व उत्तर प्रदेश दूरदर्शन से भी प्रसारित किया जा चुका है।
वेदान्ती जोशी को उत्तराखण्ड सरकार के उत्तराखण्ड की बेटी सम्मान, हरियाणा से संगीत पुरुषोत्तम संगीत अवार्ड, कुरुक्षेत्र विश्वविद्यालय से किशोर संगीत कला शिरोमणि अवार्ड आदि सम्मान प्राप्त है।
