जहां अग्निपथ के विरोध में हुआ था उपद्रव, वहीं युवाओं में अग्निवीर बनने का दिखा सबसे अधिक उत्साह

ग्वालियर| जहां सेना में अग्नीपथ योजना के विरोध की आग भड़की और सबसे अधिक उपद्रव हुए वहीं के युवाओं में अग्निवीर बनने के लिए गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है| हम बात कर रहे हैं ग्वालियर और चंबल अंचल की| अब वहीं के युवाओं में अग्निवीर बनने के लिए गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है| करीब 2 माह बाद ग्वालियर और चंबल अंचल सहित प्रदेश के 14 जिलों के युवाओं के लिए सागर में भारतीय थल सेना की भर्ती रैली आयोजित होने जा रही है| जिसमें शामिल होने के लिए औसतन हर रोज 2,000 से ज्यादा युवा पंजीकरण कर रहे हैं| इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि अग्निपथ स्कीम को लेकर जो भ्रम यहां के युवाओं में फैला हुआ था और उपद्रव हो रहे थे वह एक षड्यंत्र था|


सेना भर्ती कार्यालय के डायरेक्टर कर्नल संतोष कुमार ने ‘नई दुनिया’ को कहा कि, तय शेड्यूल के मुताबिक 7 अक्टूबर से 16 अक्टूबर के बीच सागर स्थित इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज के मैदान में भर्ती रैली आयोजित होगी| इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण 5 अगस्त से प्रारंभ हो चुके है| पंजीकरण 3 दिसंबर तक ऑनलाइन चलेंगे| उन्होंने कहा कि यहां के युवाओं में भर्ती रैली में शामिल होने के लिए गजब का उत्साह है| यही वजह है औसतन हर रोज करीब 2,000 से अधिक पंजीकरण हो रहे हैं| अभी आकड़े जारी नहीं हुए हैं| लेकिन अभी तक करीब 15,000 युवा पंजीकरण करा चुके हैं|