
लालकुआं| आगामी विधानसभा चुनाव में अब कुछ ही वक्त शेष रह चुका है| ऐसे में भाजपा और कांग्रेस में जुबानी जंग शुरू हो गई है| गढ़वाल मंडल में डोर टू डोर कैंपेन करने आए अमित शाह ने कांग्रेस को भ्रष्टाचार में डुबी पार्टी बताया| उन्होंने कांग्रेस पर हमला करते हुए कहा कि पूर्ववर्ती हरीश रावत की सरकार भ्रष्टाचार और स्टिंग ऑपरेशन में लिप्त थी| लेकिन भाजपा के 5 साल के कार्यालय में एक भी भ्रष्टाचार के आरोप नहीं लगे|
गृहमंत्री के आरोपों पर पलटवार करते हुए पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार में दम है तो वह स्टिंग प्रकरण की जांच कर मेरे खिलाफ कार्यवाही करें यदि वो दोषी निकलते हैं तो राजनीति छोड़ देंगे|
लालकुआं में पत्रकार वार्ता के दौरान हरीश रावत ने कहा कि भाजपा के लोग उन्हें भारी और पैराशूट प्रत्याशी बता रहे हैं| उनके घर का पता पूछ रहे हैं| कहा कि 1980 से हम यहां के लोगों से जुड़े हुए हैं| यहां अधिकांश लोग अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़ के निवासी है| यह सभी दल उनकी कर्मस्थली रहे हैं| इसके अलावा रावत ने कहा कि उन्होंने अपने 55 साल के राजनीतिक कैरियर में कभी कहीं मकान नहीं खरीदा हमेशा किराए के घर पर रहे|
आगे उन्होंने कहा कि वह लालकुआं विधानसभा क्षेत्र से पहले किराए में मकान लेंगे उसके बाद अपना मकान बनाएंगे| इसके अलावा पूर्व सीएम हरीश रावत ने कहा कि यदि वे इसी बात को दोहराते रहे कि कौन कहां से आया है तो फिर भाजपा की भी जांच करनी पड़ेगी| इस पार्टी ने अंग्रेजों की गोद में जन्म लिया है| भाजपा की जन विरोधी सरकार ने आज तक कोई भी विकास कार्य नहीं किए बल्कि जो काम कांग्रेस सरकार ने कराए उन्हें भी रोक दिया है|
