
उत्तराखंड राज्य की महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्य द्वारा बीते गुरुवार को विधानसभा में विभाग के महत्वपूर्ण विषयों को लेकर विभागीय सचिव अधिकारियों एवं आंगनबाड़ी संगठनों के साथ समीक्षा बैठक की गई। बता दें कि इस दौरान उन्होंने कहा कि सभी जनपदों को आंगनबाड़ी केंद्रों के भवन का 3 करोड़ 81 लाख का किराया, टेक होम राशन की धनराशि 49 करोड़ भेजी जा चुकी है और वर्तमान में 2022- 23 की जो धनराशि लंबित है शासन से उसके लिए बजट की मांग की गई है। बता दें कि इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में जो भी स्वयं सहायता समूहों द्वारा टेक होम राशन में लापरवाही बरती जा रही है उसे गंभीरता से लेकर उनके विरुद्ध जांच की जाए। उन्होंने ऐसे स्वयं सहायता समूहों को चिन्हित करने के लिए कहा है जो कि टेक होम राशन में लापरवाही बरत रहे हैं तथा उनके खिलाफ उन्होंने जांच के आदेश दिए हैं। मंत्री रेखा आर्य का कहना था कि टेक होम राशन माता समिति द्वारा खरीदा जा रहा है। उसकी राशि समिति के खाते में उपलब्ध नहीं हो पाती हैं। मंत्री ने समिति द्वारा समय पर भुगतान के निर्देश भी विभागीय अधिकारियों को दिए हैं। इस समीक्षा बैठक के दौरान आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का मानदेय और मिनी आंगनबाड़ी केंद्रों को पूर्ण करने, भवन किराया, मोबाइल रिचार्ज समिति में टेक होम राशन योजना की राशि समेत कई अन्य विषयों पर भी विचार विमर्श किया। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सभी जनपदों को मार्च 2023 तक की मोबाइल रिचार्ज करने की धनराशि भेजी जा चुकी है।

