
उत्तराखंड राज्य में बारिश और बर्फबारी का दौर जारी है और ऐसे में कड़ाके की ठंड के कारण लोगों का जीना मुश्किल हो गया है। उत्तराखंड राज्य में कुमाऊं से लेकर गढ़वाल तक बारिश हो रही है और उच्च हिमालयी क्षेत्र में हिमपात हुआ। अल्मोड़ा में आज तापमान 9 डिग्री रिकॉर्ड किया गया है और ठंड में बढ़ोतरी होने के कारण लोगों की मुश्किलें भी काफी बढ़ गई है। लोग घरों में कैद होने के लिए मजबूर हैं और रोजमर्रा के कार्य भी नहीं हो पा रहे हैं। चमोली में बीते शुक्रवार की देर रात से बारिश हो रही थी और वहां पर ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी भी हो रही है। बद्रीनाथ धाम में करीब तीन और हेमकुंड साहिब में चार फीट तक बर्फ जम गई है। औली में भी अधिक बर्फबारी होने के कारण पर्यटकों के वाहन बर्फ में फंस गए हैं। राज्य में बारिश और बर्फबारी के कारण सुबह से ही तापमान में लगातार गिरावट दर्ज हो रही है और अल्मोड़ा तथा आसपास के इलाकों में शाम तक तापमान 4 डिग्री रिकॉर्ड होने के आसार जताए जा रहे हैं।

