
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का दो दिवसीय उत्तराखंड दौरा तय हो चुका है। राष्ट्रपति एक और दो नवंबर को उत्तराखंड दौरे पर रहेंगी और इस दौरान वह बाबा केदार के दर्शन भी करेंगी। नवंबर के प्रथम सप्ताह में उनका कार्यक्रम प्रस्तावित है इसके लिए केदारनाथ धाम पहुंचकर प्रस्तावित भ्रमण के दृष्टिगत व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। राष्ट्रपति के दौरे को लेकर शासन और प्रशासन सुरक्षा तथा व्यवस्था में जुट गया है। 11 नवंबर को केदारनाथ धाम के कपाट बंद होने की तिथि निर्धारित की गई है इससे पहले राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू केदारनाथ में पूजा अर्चना करेंगी। बीते बुधवार को जिलाधिकारी विशाल मिश्रा ने जिला कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक कर भ्रमण की तैयारी और व्यवस्थाओं पर चर्चा की, उन्होंने प्रस्तावित दौरे को लेकर व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। रुद्रप्रयाग के डीएम ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण करते हुए संबंधित अधिकारियों को कार्यक्रम का सुरक्षित और व्यवस्थित संचालन हेतु आवश्यक तैयारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।





