
उत्तराखंड में इसी साल से एमबीबीएस में दाखिले लेने वाले छात्रों को हिंदी में पढ़ाई का विकल्प दिया जाएगा| इसके लिए एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय ने अपनी रिपोर्ट सरकार को सौंप दी है|
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. हेमचंद्र ने अपने आखिरी दीक्षांत समारोह के दौरान प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय की उपलब्धियां गिनाते हुए भविष्य की योजनाएं बताई| कहां कभी हरिद्वार रोड पर दो कक्षों में चलने वाला एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय आज सेलाकुई के ईस्ट होपटाउन में 92 बीघा जमीन पर संचालित हो रहा है|
दरअसल, राज्य में पहली बार इसी सत्र से हिंदी में एमबीबीएस की पढ़ाई का विकल्प छात्रों को दिया जाएगा| इसके लिए एचएनबी मेडिकल विश्वविद्यालय के कुलपति के संरक्षण में एक समिति का गठन किया गया, जिसकी रिपोर्ट उन्होंने सरकार को सौंप दी है|
कुलपति प्रो. हेमचंद्र के मुताबिक, छात्रों को आम बोलचाल की भाषा हिंदी के साथ हिंदी में पढ़ाई का विकल्प दिया जाएगा| जैसे यकृत को लीवर ही लिखा गया है| इस कोर्स को हिंदी में पढ़ने के लिए शिक्षकों को भी अलग से प्रशिक्षण दिया जाएगा| हिंदी व अंग्रेजी माध्यम के छात्र साथ बैठकर ही क्लास लेंगे|

