
देहरादून| डोईवाला में व्यक्ति द्वारा अपने परिवार के पांच सदस्यों को मौत के घाट उतारने का कारण जानकर आप भी हैरान हो जाएंगे| हालांकि अभी तक इस बात को पूरी गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है| लेकिन पुलिस यह मान रही है कि नाश्ते को लेकर विवाद हुआ था| जिस कारण आरोपी ने अपनी मां, पत्नी और तीन बेटियों को मौत के घाट उतारा|
एसएसपी देहरादून दलीप सिंह कुंवर ने कहा कि जो तथ्य सामने आए हैं उनसे ज्ञात होता है कि आरोपी महेश कोई काम नहीं करता था| उसका बड़ा भाई उमेश हर माह 15 से 20 हजार रुपये भेजता था| जिससे उनका घर का खर्च चलता था| दिन भर आरोपी पूजा-पाठ करता था| शायद महेश और उसकी पत्नी के बीच इसी बात को लेकर विवाद रहता था| आज सुबह भी वही हुआ| सुबह करीब 6:30-7:00 बजे महेश पूजा-पाठ कर रहा था और उसकी पत्नी नाश्ता बना रही थी| इस दौरान पत्नी ने पूजा-पाठ छोड़कर नाश्ते में मदद करने के लिए कहा जिस पर दोनों के बीच विवाद हो गया| आरोपी महेश ने पहले अपनी पत्नी की हत्या की उसके बाद छोटी बेटी की हत्या की और फिर मां व अन्य दो बेटियों को मौत के घाट उतार दिया|
पुलिस का कहना है कि आरोपी महेश की मनोदशा भी कुछ ठीक नहीं लग रही है| हत्या में रसोई के चाकू का उपयोग किया गया| जिसे बरामद कर लिया गया है|
आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है| पुलिस का कहना है कि पांचों की हत्या गला रेतकर की गई है|
