
देहरादून| अब पेपर लीक मामले में अधीनस्थ सेवा चयन आयोग की ओर भी जांच घूम गई है| आयोग के पूर्व सचिव संतोष बडोली, पूर्व परीक्षा नियंत्रक नारायण सिंह डांगी और तीन अनुभाग अफसरों के खिलाफ विजिलेंस जांच के लिए शासन ने आदेश दिए है| इस बाबत अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता ललित मोहन सिंह रयाल ने आदेश जारी किए हैं|
बताते चलें कि 22 जुलाई को स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था| 25 जुलाई से गिरफ्तारी का दौर शुरू हुआ जो अभी तक जारी है| अब तक मामले में 37 गिरफ्तारियां हो चुकी है| इनमें आयोग के पूर्व और वर्तमान अफसरों की भूमिका की तरफ शक तो जाता था, लेकिन एसटीएफ को साक्ष्य नहीं मिल पा रहे थे| पिछले दिनों पुलिस मुख्यालय ने आयोग के अफसरों के खिलाफ विजिलेंस जांच की सिफारिश के लिए शासन को पत्र लिखा था| इस क्रम में बीते दिवस विधिवत आदेश हो गए हैं|
अपर सचिव कार्मिक एवं सतर्कता ललित मोहन रयाल ने विजिलेंस को जांच के आदेश जारी कर दिए हैं| इस जांच के दायरे में पूर्व परीक्षा नियंत्रक नारायण सिंह डांगी, उनकी सेवानिवृत्ति के बाद प्रभार संभाल रहे पूर्व सचिव संतोष बडोली, अनुभाग अधिकारी बृजलाल बहुगुणा, दीपा जोशी और कैलाश नैनवाल आएंगे|
बता दें कि, आयोग के सचिव रहे संतोष बडोली को पिछले दिनों निलंबित कर दिया गया था| इस संबंध में जल्द ही विजिलेंस टीम बनाकर जांच शुरु कर देगी|

