
उत्तराखंड में गर्मियों का मौसम शुरू होते ही जंगलों में आग धधकनी शुरू हो गई है| इस बीच मौसम में आए बदलाव के कारण तेजी से तापमान बढ़ रहा है| इसका असर वनाग्नि पर भी दिखने लगा है|
बीते दिवस उत्तराखंड में 7 जगहों पर जंगल में आग लगने की घटनाएं दर्ज की गई| वहीं 10 अप्रैल को पौड़ी के चौबट्टाखाल में जंगल की आग में जलकर मरे दो युवकों को भी वन विभाग ने अपनी रिपोर्ट में दर्ज कर लिया है|
जैसे ही मौसम ने शुष्क रूप लिया आग की घटनाएं भी बढ़ने लगी है| मुख्य वन संरक्षक, वनाग्नि एवं आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से जारी रिपोर्ट के मुताबिक, शुक्रवार को गढ़वाल में एक और कुमाऊं क्षेत्र में 6 स्थानों पर वनाग्नि की घटनाएं दर्ज की गई| इसमें करीब 7.3 हेक्टेयर वन क्षेत्र प्रभावित हुआ है, जबकि 17 हजार तीन सौ रुपया की आर्थिक क्षति का आकलन किया गया है|
प्रदेश में जंगल की आग से 2 लोगों की मृत्यु और एक व्यक्ति के झुलस कर घायल होने की घटना दर्ज हुई है|
बता दें कि इस वनाग्नि काल में अब तक कुल 147 घटनाओं में 188 हेक्टेयर वन क्षेत्र जल चुका है, जबकि छह लाख 98 हजार 471 रुपए की क्षति का आकलन किया गया है|
सभी विभागों को अलर्ट पर रहने के निर्देश दिए गए हैं|
