
वर्तमान समय में हम अक्सर ऐसी खबरें सुनते हैं जहां दहेज के भूखे लोग दहेज ना मिलने पर इंसान की जान लेने के लिए भी तैयार हो जाते हैं। एक ऐसा ही मामला रुड़की से सामने आया है जहां महिला ने पति पर दहेज में ₹3,00,000 मांगने और मना करने पर पिटाई करने के साथ चूल्हे में चेहरा जलाने का आरोप भी लगाया है। महिला ने आरोप लगाया है कि पति ने उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी प्रयास किया और उसका सिर चूल्हे में डालकर चेहरा जलाने की भी कोशिश की इससे महिला के चेहरे का कुछ हिस्सा झुलस गया। महिला गंगनहर कोतवाली क्षेत्र की निवासी है जिसने इस मामले में पुलिस में शिकायत दर्ज की है। उसने बताया कि उसकी शादी सिविल लाइंस क्षेत्र निवासी एक युवक से 17 दिसंबर 2022 को हुई थी और परिवार वालों ने शादी में करीब ₹7,00,000 खर्च किए थे लेकिन शादी के बाद ससुराल वाले दहेज के लिए परेशान कर रहे थे। पति ने दहेज में ₹3,00,000 की मांग की जब इंकार किया तो उसने महिला की पिटाई की और उसके साथ अप्राकृतिक संबंध बनाने का भी प्रयास किया। यही नहीं बल्कि बीते 23 मार्च 2023 को पति ने उसका चेहरा जला दिया। उसने शोर मचाया तो आसपास के लोग वहां इकट्ठा हो गए और उसे बचाया तथा उसका इलाज करवाया गया। पुलिस इस मामले में जांच कर रही है तथा जांच के बाद ही आगे की कार्यवाही की जाएगी।

