Uttarakhand- मेडिकल कॉलेजों से हटेंगे स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी……. पढ़ें पूरी खबर

उत्तराखंड राज्य में अब मेडिकल कॉलेजों से स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारियों को हटाया जाएगा। महानिदेशक स्वास्थ्य और चिकित्सा शिक्षा निदेशक के बीच जल्द ही इस मामले में बैठक होने जा रही है और इस बैठक के बाद कर्मचारियों को हटाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। बता दें कि मेडिकल कॉलेजों में तैनात स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारियों को महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ विनीता शाह ने वापस मूल विभाग में लौटने के निर्देश दिए हैं लेकिन मेडिकल कॉलेजों में कर्मचारियों की कमी को देखते हुए उनकी वापसी नहीं हो पाई और इसलिए स्वास्थ्य महानिदेशक तथा निदेशक चिकित्सा शिक्षा के बीच जल्द ही बैठक का निर्णय लिया गया है। महानिदेशक स्वास्थ्य डॉ. विनीता शाह ने बताया कि मेडिकल कॉलेजों से स्वास्थ्य विभाग के सभी कर्मचारी हटाए जाने हैं। इस संबंध में उन्होंने निदेशक चिकित्सा शिक्षा को पत्र लिखा और कहा कि वह निदेशक चिकित्सा शिक्षा के साथ जल्द ही बैठक कर चरणबद्ध तरीके से कर्मचारियों की वापसी का निर्णय लेंगे। इसके अलावा उत्तराखंड राज्य के स्वास्थ्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत द्वारा भी राज्य के अस्पतालों में अटैचमेंट पर चल रहे कर्मचारियों को वापस मूल तैनाती पर भेजने के निर्देश दिए गए थे और इस संदर्भ में स्वास्थ्य महानिदेशक की ओर से भी आदेश जारी किए गए थे लेकिन स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी अभी तक मूल तैनाती स्थल पर नहीं लौटे।