
उत्तराखंड राज्य के ऋषिकेश में श्री देव सुमन विश्वविद्यालय ऋषिकेश कैंपस में सिविल सर्विसेज की निशुल्क कोचिंग आगामी अक्टूबर माह से शुरू होने जा रही है। इसकी घोषणा बीते रविवार को राजभवन में आयोजित सम्मान समारोह के दौरान राज्यपाल द्वारा की गई है। रविवार को राजभवन ऑडिटोरियम में सिविल सेवा- 2022 में उत्तराखंड के सफल अभ्यर्थियों के लिए आयोजित सम्मान समारोह में राज्यपाल ने चयनित अभ्यर्थियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में अत्यंत प्रतिभावान छात्र और छात्राएं हैं लेकिन संस्थाओं के अभाव के कारण पिछड़ जाते हैं। उनके द्वारा कहा गया कि प्रदेश के प्रतिभावान और सिविल सेवा में रुचि रखने वाले विद्यार्थियों के लिए दून विश्वविद्यालय देहरादून, गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय पंतनगर एवं श्री देव सुमन विश्वविद्यालय ऋषिकेश कैंपस में सिविल सेवा परीक्षाओं की तैयारी कराए जाने का निर्णय लिया है और उन्होंने कहा है कि कोचिंग अक्टूबर माह तक प्रारंभ कर दी जाएगी जिससे छात्र- छात्राओं को लाभ मिलेगा। विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर जोशी के अनुसार ऋषिकेश में राज्यपाल के निर्देशों के अनुसार अक्टूबर 2023 में सिविल सेवा प्रशिक्षण केंद्र शुरू किया जाएगा और कार्यक्रम में श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय परिसर ऋषिकेश के छात्र-छात्राएं, परिसर के प्रोफेसर चौधरी, प्रोफेसर दुबे समेत अन्य जन उपस्थित रहे।

