Uttarakhand -: सड़क हादसों को रोकने के लिए सड़कों पर लगाए गए डिजिटल स्पीड साइन बोर्ड, ओवर स्पीड पर दिखेगी रेड लाइट

उत्तराखंड में सड़क हादसों को रोकने के लिए यातायात निदेशालय की ओर से सड़कों पर डिजिटल स्पीड साइन बोर्ड लगाए गए हैं| इससे सड़क पर चलते समय वाहन स्वामी को उनकी गाड़ी की गति की सूचना मिलेगी|
यातायात निदेशालय का कहना है कि इससे वाहन स्वामी बोर्ड में देखकर खुद अपनी स्पीड कम करेंगे|


पुलिस महानिरीक्षक व निदेशक यातायात मुख्तार मोहसिन के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं के मुख्य कारण ओवर स्पीड का विश्लेषण किया गया| इसके बाद प्रदेश में गति सीमा के निर्धारण के लिए उपकरणों से गतिसीमा की चेतावनी के लिए प्रदेश में पहली बार हाईटेक गतिसीमा बोर्ड लगाए गए हैं| यह साइन बोर्ड रडार तकनीक के उपयोग से आगे आ रहे वाहनों की गति को मापने का काम करता है| जब कोई वाहन इस साइन बोर्ड के पास से निकलेगा तो उसकी गति साइन बोर्ड पर दिख जाएगी| निर्धारित स्पीड से होने पर यह बोर्ड लाल लाइट दिखाएगा|


बता दें, यातायात निदेशालय की ओर से दून में तीन स्थानों पर स्पीड साइन बोर्ड लगाए गए हैं| जो हरिद्वार बाईपास पर नियर हिल्स अपार्टमेंट, राजपुर रोड पर होटल सनराइज, ईसी रोड पर सीएसडी डिपो आराघर के पास लगाए गए हैं|