
हल्द्वानी| पुणे मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस छात्र की ठंड से मौत होने की सूचना मिल रही है| मृतक हल्द्वानी का रहने वाला है| कुछ समय पहले ही उसने एडमिशन लिया था| पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद उसके परिजनों को सौंप दिया है| यह नैनीताल में ठंड से मौत का पहला मामला है| घर पर सूचना मिलने के बाद घर में कोहराम मच गया|
जानकारी के अनुसार 18 वर्षीय प्रियांशु पुत्र मनोज कुमार निवासी शीश महल काठगोदाम ने वर्ष 2020 में हल्द्वानी के सेंट थेरेसा स्कूल में इंटर पास किया| प्रियांशु के पिता संकुल संसाधन केंद्र (सीआरसी) बेतालघाट में समन्वयक है| उन्होंने कहा कि कुछ समय पहले ही प्रियांशु को पुणे मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस में प्रवेश मिला था| 5 लाख रुपए फीस जमा कर चुके थे| लेकिन प्रियांशु अभी तक पढ़ाई के लिए कॉलेज नहीं गया था| आगे उन्होंने कहा कि रविवार को प्रियांशु घर से बिना बताए चला गया लेकिन वह वापस नहीं लौटा| सुबह उसका शव मिलने की सूचना मिली|
मुखानी थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने कहा कि छात्र का शव टीएस कॉलोनी के पास एक नाली में मिला बगल में उसकी स्कूटी खड़ी हुई थी| छात्र के नशे में होकर नाली में गिरने की संभावना जताई जा रही है| उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया रात भर ठंड में रहने से छात्र की मौत हुई है| पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के सही कारणों का पता चल पाएगा| फिलहाल अभी तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आई है| पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है| पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही कुछ साफ कहा जा सकता है|
