
रामनगर| उत्तराखंड शिक्षा बोर्ड ने नया बोर्ड पैटर्न जारी कर दिया है| आप सभी विषयों में थ्योरी को 80 नंबरों तक सीमित किया गया है| शेष 20 नंबर परीक्षा आंतरिक मूल्यांकन से तय होगा| यह व्यवस्था नौवीं कक्षा से लेकर बारहवीं तक के लिए की गई है|
बताते चलें कि उत्तराखंड विद्यालय शिक्षा परिषद हर साल हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की परीक्षाएं कराता है| 2023 में होने वाली बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षाओं के पैटर्न में बदलाव किया गया है| शुक्रवार को अपर सचिव बीएमएस रावत ने कहा कि अब तक हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में सामाजिक विज्ञान, विज्ञान, गणित, गृह विज्ञान आदि मुख्य विषयों में प्रयोगात्मक परीक्षाएं कराई जाती थी| अन्य विषयों में यह व्यवस्था नहीं थी| स्कूल स्तर पर होने वाले प्रयोगात्मक परीक्षाएं भी 20 नंबरों की होती है| इस बार बदलाव कर सभी विषयों में थ्योरी को 80 नंबरों का किया गया है, जबकि हिंदी, उर्दू, पंजाबी आदि अन्य सभी विषयों में भी 20 नंबरों के आंतरिक मूल्यांकन की व्यवस्था की गई है| इस संबंध में सभी जिलों के मुख्य शिक्षा अधिकारियों को पत्र भेज दिया गया है|
