
उत्तराखंड राज्य में बीते कई समय से बारिश और धूप की आंख मिचौली जारी है। राज्य के कई क्षेत्रों में बाढ़ आने से लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। बदरीनाथ हाईवे अगले दो-तीन दिन तक बाधित हो गया है जिसके कारण यात्रियों को भारी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। बता दे कि रुद्रप्रयाग जनपद में आज सोमवार की सुबह काफी तेज बारिश हुई जिसके कारण बदरीनाथ हाईवे सिरोबगड़ एवं ज्वालपा पैलेस के समीप अवरुद्ध हो गया और केदारनाथ हाईवे भटवाड़ी चंद्रपुरी के समीप यातायात हेतु अवरुद्ध चल रहा है। बारिश के चलते अलकनंदा और मंदाकिनी नदी का जलस्तर भी चेतावनी रेखा से ऊपर बह रहा है और बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग करीब 200 मीटर बह गया है जिसके कारण मुख्य मार्ग से आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। फिलहाल मार्ग को खोलने के लिए संबंधित विभाग एवं कार्यदायी संस्था लगातार प्रयास कर रहे हैं। प्रशासन के मुताबिक मार्ग को खोलने के लिए 2 से 3 दिन का समय लगेगा और बद्रीनाथ धाम जाने वाले यात्रियों को वाहनों को रुद्रप्रयाग से पोखरी और वहां से कर्णप्रयाग होकर जाना पड़ेगा जिसके चलते यात्रियों को 50 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ेगी।

