Uttarakhand -: चंपावत हादसे में दोषियों पर होगी कार्रवाई

चंपावत जिले में सुखीढ़ाग कार हादसे की जांच चल रही है| यह पता लगाने की कोशिश हो रही है कि यह हादसा किन कारणों से हुआ| मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि जांच के बाद असल स्थिति का पता चलेगा| जिसके बाद हादसे के दोषियों पर कार्रवाई होगी| रात में वाहन संचालन पर अंकुश लगाने की भी बात कही|सीएम धामी चंपावत के सुखीढ़ाग स्थित घटनास्थल से होकर सीधे डॉक्टर सुशीला तिवारी पहुंचे| अस्पताल के ट्रामा आईसीयू में हादसे में घायल कार चालक 28 वर्षीय प्रकाश राम भर्ती है, जिसके बारे में सीएम धामी ने मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य प्रोफेसर अरुण जोशी व चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर विवेकानंद सत्यवली से इलाज के बारे में जानकारी ली| जिसके बाद सीएम धामी ने पत्रकार वार्ता के दौरान कहा कि अस्पताल में घायल को अच्छा इलाज मिल रहा है| डॉक्टरों ने बताया कि चालक की हालत ठीक है| जल्द ही जनरल वार्ड में भर्ती कर दिया जाएगा| सीएम धामी इससे पहले डांडा ककनई भी गए जहां दुर्घटना में मारे गए लोगों के सभी स्वजनों से मिले, सभी को आश्वासन दिया कि हर संभव मदद की जाएगी| सड़कों की बदहाली और घटना के जिम्मेदार पर कार्रवाई के सवाल पर सीएम धामी का कहना है कि तत्काल जांच के आदेश दिए गए हैं| जांच चल रही है अगर कोई लापरवाही मिलती है तो कार्यवाही होगी साथ ही कहा कि लोगों को जागरूक रहने की जरूरत है पहाड़ में गाड़ियों को चलाने के लिए नियमों का पालन करना होगा| सभी जागरूक रहेंगे तो पहाड़ में हादसों पर अंकुश लग सकेगा| इसके अलावा सीएम धामी ने कहा कि पहाड़ में वाहनों में यात्रियों की संख्या का भी ध्यान रखा जाना होगा|