उत्तराखंड – ढाई लाख कार्मिकों व 50 हजार पेंशनरों को मिलेगा नए साल का तोहफा

देहरादून| ढाई लाख कर्मचारियों और 50 हजार पेंशनर को नए साल के मौके पर वेतन और पेंशन की राशि बढ़कर मिलेगी| धामी सरकार ने सातवां वेतनमान ले रहे कार्मिकों के महंगाई भत्ते में 3 प्रतिशत की वृद्धि की है| पांचवा वेतनमान ले रहे कार्मिकों के महंगाई भत्ते में 356 प्रतिशत से बढ़ाकर 368 प्रतिशत किया गया है| यह बड़ा हुआ महंगाई भत्ता 1 जुलाई 2021 से लागू किया गया है|

बीते 24 दिसंबर को धामी मंत्रिमंडल ने कार्मिकों को और पेंशनरों को बढ़ा हुआ महंगाई भत्ता देने का निर्णय लिया था| इसी को लेकर कल वित्त सचिव अमित नेगी ने इस संबंध में तीन अलग-अलग आदेश जारी किए| सातवां वेतनमान ले रहे सरकारी, सहायताप्राप्त शिक्षण व प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, शहरी स्थानीय निकायों के नियमन व पूर्णकालिक और कार्यप्रभारित कर्मचारियों के साथ यूजीसी वेतनमान ले रहे कार्मिकों को अब 31 प्रतिशत महंगाई भत्ता मिलेगा| अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों पर भी यह आदेश लागू होगा|

सरकार ने सार्वजनिक नियमों व उपक्रमों के श्रमिकों को भी महंगाई भत्ता बढ़ाने की अनुमति दी है| राज्य सरकार के सिविल और पारिवारिक पेंशनर को भी 1 जुलाई 2021 से महंगाई राहत की दरें 356 से बढ़ाकर 368 प्रतिशत की गई है इसका आदेश भी जारी हो गया है|