![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0064.jpg)
Uttarakhand- राज्य में वर्तमान समय में चल रही चार धाम यात्रा मानसून सीजन पर भी धीमी नहीं पड़ी बल्कि मौसम विभाग के अलर्ट के बाद भी केदारनाथ धाम में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। मानसून सीजन में भी केदारनाथ धाम में दर्शनार्थियों के आने का सिलसिला जारी है और इस बार साल 2022 में केदारनाथ यात्रा के दौरान पिछले वर्षों के सारे रिकॉर्ड टूट चुके हैं। केदारनाथ धाम में लाखों की संख्या में भक्त पहुंच चुके हैं और अभी भी यात्रा जारी है।
बता दें कि केदारनाथ यात्रा के इतिहास में ऐसा पहली बार हुआ है जब यात्रियों की संख्या 10 लाख 8 हजार से अधिक पहुंची हैं और अभी भी यात्रा चल ही रही है यानी कि अभी भी भारी मात्रा में यहां पर श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है। बता दें कि बीते 15 अगस्त 2022 को सोमवार के दिन केदारनाथ धाम में दर्शन के लिए कुल 9635 श्रद्धालु पहुंचे थे जिसमें 6257 पुरुष, 3154 महिलाएं और 224 बच्चे थे। मौसम विभाग मानसून सीजन में बार-बार अलर्ट घोषित कर रहा है मगर उसके बाद भी केदारनाथ धाम में लगातार लोग दर्शन के लिए आ रहे हैं यहां तक कि बारिश के कारण हो रहे भूस्खलन से भी यात्रा पर कुछ अधिक असर नहीं पड़ा।
प्रशासन की तरफ से भी यात्रियों के लिए कई सुविधाएं दी गई हैं यात्रियो की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए केदारनाथ के पैदल मार्ग में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ ,डीडीआरएस और पुलिस टीमें तैनात हैं। इस वर्ष 2022 में उत्तराखंड राज्य में 3 मई 2022 को चार धाम यात्रा शुरू हो गई थी जिसके बाद 6 मई को केदारनाथ धाम के कपाट खोल दिए गए।
माना जाता है कि द्वादश ज्योतिर्लिंगों में से एक केदारनाथ धाम में भगवान शिव लिंग रूप में विराजमान हैं इसलिए यहां पर श्रद्धालु काफी भक्ति भाव से दर्शन करने के लिए जाते हैं।
![](https://kurmanchalakhbar.com/wp-content/uploads/2024/02/IMG-20241108-WA0065.jpg)