चार धाम यात्रा में यमुना आरती गाएगी गायिका अनुराधा पौडवाल – पढ़ें पूरी खबर

यमुनोत्री धाम में होने वाली मां यमुना की आरती को भजन गायिका अनुराधा पौडवाल अपनी आवाज देंगी। बुधवार को परिजनों के साथ यमुनोत्री धाम की यात्रा पर पहुंचीं अनुराधा पौडवाल के सामने यह प्रस्ताव रखा था, जिसे तीर्थ पुरोहितों ने स्वीकार कर लिया।

बुधवार को गायिका अनुराधा पौडवाल परिजनों के साथ यमुनोत्री धाम की यात्रा के लिए पहुंचीं। लेकिन स्वास्थ्य खराब होने के चलते उनके परिजन ही मां यमुना के दर्शन कर सके। बाद में अनुराधा पौडवाल ने खरसाली स्थित मां यमुना के शीतकालीन पड़ाव में पूजा-अर्चना की।

तीर्थ पुरोहित आशीष उनियाल ने उन्हें धाम से लगी चोटियों के बारे में जानकारी दी। यात्रा पर गायिका अनुराधा के साथ उनकी बेटी और दामाद मौजूद रहे। सदियों पुरानी है मां यमुना की आरती यमुनोत्री धाम में मां यमुना की आरती सदियों पुरानी बताई जाती है। जय श्री यमुने मां श्री जय यमुने मां सूर्या सुता संज्ञा ऊर जन्मी जय जय अवतरणी श्री गोलोक निवासनी…शब्दों से सजी आरती का उल्लेख केदार खंड में भी मिलता है। पुरोहित आशीष उनियाल का कहना है कि मां यमुना की आरती सदियों से होती आ रही है। इसे पुरोहित समाज के बुजुर्गों ने लिखा था।

यमुनोत्री धाम में बर्फबारी

यमुनोत्री धाम में बुधवार दोपहर बाद हल्की बर्फबारी हुई जिससे धाम में ठंड बढ़ गई हैं। वहीं देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे तीर्थयात्रियों ने बर्फबारी के सुं्दर नजारे का आनंद लिया। धाम के पुजारी आशुतोष उनियाल ने बताया कि दोपहर बाद डेढ़ बजे से बर्फबारी हुई जिससे यहां ठंड बढ़ गई है। बावजूद इसके तीर्थयात्रियों के जोश और उत्साह में कोई कमी नहीं है।