हजारों-लाखों रुपये के बिल देखकर मानसिक तनाव में लोग, जाने पूरा मामला

हल्द्वानी| पानी का बिल ज्यादा आने से कुसुमखेड़ा में समस्याएं लगातार बरकरार है| बीते दिवस बिल को लेकर लोग पेयजल निगम के दफ्तर पहुंचे| यहां पेयजल निगम के अधिकारियों के साथ देहरादून से आई कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों की बैठक हुई|


बता दें कि पेयजल निगम की विश्व बैंक परियोजना के तहत कुसुमखेड़ा में पेयजल योजना चल रही है| यहां बिल बनाने का काम ठेकेदार के हाथ में है| क्षेत्र में उपभोक्ताओं के घरों पर पानी कनेक्शन के साथ मीटर भी लगे हुए हैं| दिक्कत की बात यह है कि यहां लोगों के बिल हजारों के आने लगे| इस कारण रोजाना कई लोग दफ्तर पहुंचकर अपना बिल ठीक करा रहे हैं| बढ़ते हुए हंगामे के कारण बिल बनाने वाली कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि देहरादून से यहां पहुंचे, उन्हें पेयजल निगम के अधिकारियों ने निर्देश दिए कि पहले मीटर की रीडिंग ले और उसके बाद ही पानी का बिल बनाया जाए|


अधिकारियों का कहना है कि सॉफ्टवेयर में दिक्कत के कारण पानी के बिल ज्यादा आ रहे हैं| कार्यदायी संस्था को सॉफ्टवेयर में आ रही तकनीकी कमी को दूर करने के लिए कहा गया है|
अपने हजारों के बिल को देखकर लोग परेशान है| लोगों का कहना है कि किसी के पास 33 हजार का बिल आया तो कोई बता रहा है कि लाख रुपये तक पानी का बिल आया है| अब बिलों को ठीक किया जा रहा है|