
पिथौरागढ़| पर्यटन विभाग ने लिपुलेख से पर्यटकों को कैलाश पर्वत के दर्शन कराने की तैयारियां शुरू कर दी है| पर्यटक 17,500 फीट की ऊंचाई से कैलाश पर्वत के दर्शन कर सकेंगे|
बता दें, इस स्थान तक पहुंचने के लिए सड़क से 1.8 किमी लंबे पैदल मार्ग को भी विकसित किया जाएगा|
दरअसल, सीमा विवाद और कोविड-19 के समय से कैलाश मानसरोवर की यात्रा बंद है| कोविड-19 के कम होने के बाद यात्रा के शुरू होने की उम्मीद थी लेकिन चीन के साथ सीमा विवाद के कारण किसी तरह की बातचीत नहीं होने से यात्रा शुरू नहीं हो पाई है| जिसके बाद अब पर्यटन विभाग ने स्थानीय लोगों की मदद से कैलाश के दर्शन भारतीय क्षेत्र से कराने का रास्ता ढूंढ लिया है| लिपुलेख से 1.8 किमी की खड़ी चढ़ाई पार कर कैलाश पर्वत के दर्शन होते हैं| इस स्थल से कैलाश पर्वत की दूरी लगभग 50 किलोमीटर है|
रिपोर्ट मिलने के बाद पर्यटन विभाग भारतीय क्षेत्र से ही कैलाश पर्वत के दर्शन कराने की तैयारी कर रहा है| अब पहले लिपुलेख से पैदल रास्ते को ठीक किया जाएगा| इसमें यात्रियों की सुविधा के लिए सुरक्षात्मक कार्य कराए जाएंगे| यह कार्य पूरे होने के बाद यात्री भारतीय क्षेत्र से ही दर्शन कर पाएंगे|
