नैनीताल:- तकनीकी खराबी के चलते रोपवे में दांव पर लगी 13 लोगों की जान….. पढ़ें पूरी खबर

उत्तराखण्ड राज्य के नैनीताल में रोपवे में तकनीकी खराबी के चलते 13 सवारियां 1 घंटे तक हवा में लटकी रही। शहर के मल्लीताल क्षेत्र में संचालित कुमाऊँ मंडल विकास निगम रोपवे में तकनीकी खराबी आ गई जिसके चलते 13 लोग हवा में 1 घंटे तक लटके रहे। ट्रॉली में फंसे छह विदेशी 5 स्कूली बच्चों समेत 13 लोगों की सांस अटक गई। जिसके बाद सभी को केएमवीएन ने रेस्क्यू अभियान चलाकर नीचे उतारा और मरम्मत के बाद आज शुक्रवार को ट्रॉली संचालन की उम्मीद जताई जा रही है। जानकारी के मुताबिक मल्लीताल रोपवे स्टेशन से ट्रॉली यूरोपीय देश माल्टा के 6 नागरिकों, नैनीताल निवासी 5 स्कूली बच्चों व एक युवक और ऑपरेटर को लेकर स्नोव्यू की ओर बढ़ी। यह घटना करीब 3:30 बजे की है। स्टेशन से करीब 100 मीटर आगे पहुंचने पर अचानक रोपवे के काउंटर साइड में कुछ टूटने की आवाज आई। तेज आवाज सुनकर तकनीकी कर्मचारियों ने देखा तो एक बैरिंग टूटा हुआ मिला जिसके बाद ट्रॉली को बीच में ही रोक दिया गया और उसमें सवार यात्रियों को रेस्क्यू करते हुए नीचे उतारा गया। इस दौरान मौके पर लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी और तकनीकी समस्या को दूर करते हुए आज शुक्रवार को ट्रॉली का संचालन शुरू कर दिया जाएगा।

Advertisements

Recent Posts