कौसानी – विश्व पर्यटन दिवस पर कौसानी होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ने लिया ‘पर्यटन एवं आतिथ्य संकल्प’

रमेश चन्द्र पाण्डेय (बृजवासी)

Advertisements

कौसानी (बागेश्वर) । विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर कौसानी होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन द्वारा “कौसानी के प्राकृतिक सौन्दर्य एवं पर्यटन आतिथ्य का संकल्प” लिया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य कौसानी की प्राकृतिक सुंदरता, सांस्कृतिक विरासत, पर्यावरण संरक्षण तथा स्थानीय आतिथ्य परंपरा को और मजबूत करना रहा। एसोसिएशन के अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में उपस्थित होटल व्यवसायियों एवं स्थानीय प्रतिनिधियों ने हिमालय की गरिमा और संस्कृति के सम्मान, सतत पर्यटन को बढ़ावा देने, पर्यावरण संरक्षण, पर्यटकों की सुरक्षा एवं सुविधाओं का विशेष ध्यान रखने तथा स्थानीय संस्कृति एवं प्राकृतिक संपदा को भावी पीढ़ियों के लिए सुरक्षित रखने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर उपाध्यक्ष विनय तिवारी, जिला पंचायत सदस्य एवं व्यापार मंडल जिला अध्यक्ष बलवंत नेगी, हरीश खर्कवाल, विपिन उप्रेती, आर.सी. चौधरी, अनिल बिष्ट, पुरन पांडे, शेखर पांडे, नंदन सिंह, मनोज बिष्ट सहित एसोसिएशन के सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि पर्यटन केवल रोजगार और आर्थिक गतिविधि का माध्यम नहीं, बल्कि क्षेत्र की प्रकृति, संस्कृति और स्थानीय जीवनशैली को संरक्षित रखने की सामूहिक जिम्मेदारी भी है।
अध्यक्ष गजेंद्र मेहरा ने कहा कि कौसानी को एक जिम्मेदार, स्वच्छ, सुरक्षित और प्रकृति-आधारित पर्यटन गंतव्य के रूप में विकसित करने के लिए होटल व्यवसायियों, स्थानीय समुदाय और पर्यटकों को मिलकर कार्य करना होगा। उन्होंने कहा कि “कौसानी की पहचान केवल हिमालयी दृश्यों से नहीं, बल्कि यहां की संस्कृति, प्रकृति और आतिथ्य से भी है—इन्हें सुरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है।”
एसोसिएशन ने विश्व पर्यटन दिवस के अवसर पर यह संदेश दिया कि जिम्मेदार पर्यटन ही भविष्य का स्थायी पर्यटन है।

Leave a Reply