
देहरादून| जिले में डेंगू के बढ़ते मामलों के मद्देनजर डीएम ने स्कूली बच्चों के लिए पूरे आस्तीन की शर्ट और फुल पैंट अनिवार्य कर दिया है|
उन्होंने मुख्य शिक्षा अधिकारी को आदेश का सख्ती से पालन करने के निर्देश दिए हैं|
डीएम के अनुसार प्रार्थना सभाओं में प्रतिदिन छात्र-छात्राओं को डेंगू और चिकनगुनिया से बचाव के उपाय बताई जाए|
दरअसल, देहरादून में अभी तक डेंगू के कुल 22 मामले सामने आ गए हैं| पिछले दिनों रोजाना मरीज मिल रहे थे, ऐसे में जिला प्रशासन भी सतर्क हो गया है| डीएम सोनिका ने नगर निगम को डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए प्रभावी तौर पर साफ-सफाई और फॉगिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं| आशा, आंगनबाड़ी, नगर निगम की संयुक्त टीम बनाकर डेंगू के लार्वा को नष्ट करने के साथ ही जागरूकता कार्यक्रम चलाने के भी निर्देश दिए गए हैं|
डेंगू और चिकनगुनिया से निम्न प्रकार बचाव किया जा सकता है –
कूलर, फ्रिज के पीछे की ट्रे गमलों का पानी सप्ताह में दो बार साफ करें|
सभी पानी की टंकियां और पानी जमा करने वाली वस्तुओं को ढक कर रखें|
घर में रखे गमलों के नीचे ट्रे ना लगाएं और गमलों में पानी भरा न रहने दे|
टूटे पुराने बर्तन, बोतल, डिब्बे में बेकार टायर आदि इधर-उधर न फेंके|
सोते समय मच्छरदानी का प्रयोग करें, मच्छरों को मारने वाली मशीन का भी प्रयोग करें|
चिड़ियों और जानवरों के पानी पीने के बर्तनों को रोजाना साफ करें|
बता दें बीते शनिवार को देहरादून में डेंगू के 3 नए मामले मिले| इसमें से एक अस्पताल में भर्ती है जबकि दो का घर पर इलाज चल रहा है| सभी मरीजों की जांच निजी पैथोलॉजी में हुई है|

