ध्वज निर्माण कर रहे समूहों को प्रोत्साहन, झंडे की कीमत 30 रुपए

बागेश्वर| जिला अधिकारी रीना जोशी ने कलेक्ट्रेट सभागार में हर घर तिरंगा कार्यक्रम का शुभारंभ किया| राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार ध्वज को लांच कर इस अभियान की शुरुआत की गई| जिलाधिकारी ने ध्वज निर्माण कर रहे स्वयं सहायता समूह के सदस्यों को प्रोत्साहन किया व समूह के सदस्यों का हौसला बढ़ाया| समूह के सदस्यों द्वारा बनाए जाने वाले तिरंगे को अधिक से अधिक मात्रा में खरीदने की अपील की| वहीं स्वयं सहायता समूहों द्वारा निर्मित राखीयों को भी जिलाधिकारी द्वारा लांच किया गया| जिलाधिकारी ने ध्वज निर्मित करने के लिए सहायता समूह की महिलाओं को बधाई दी, कहा कि हर घर तिरंगा अभियान के तहत झंडा निर्माण कार्य में जनपद के कुल 5 स्वयं सहायता समूहों की 25 महिलाएं सक्रिय है, जो आज तक लगभग 3 हजार झंडे बना चुकी है| इनके द्वारा निर्मित झंडे की कीमत ₹30 निर्धारित हुई है| डीएम ने कहा कि झंडा निर्माण कार्य में समूह की महिलाओं को रोजगार के साथ ही आजादी के अमृत महोत्सव में प्रत्यक्ष योगदान देने का अवसर भी मिला है|
इसके अलावा जिलाधिकारी रीना जोशी ने कहा कि 15 अगस्त पर प्लास्टिक के झंडे पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे कोई भी इसका प्रयोग ना करें| उन्होंने अधिकारियों, व्यापारियों, राजनीतिक दलों के अलावा आम लोगों से अनुरोध किया कि फहराने के लिए बिक्री किए जाने वाले झंडो को सही से जांच लें|