
देहरादून। देश में तथा प्रदेश कोरोना की चौथी लहर को लेकर अब भी संशय बना हुआ है इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस नेता हरीश रावत ने सरकार को सलाह देते हुए कई बिंदुओं पर ध्यान देने को कहा है।
अपनी फेसबुक पोस्ट के माध्यम से हरीश रावत ने कहा कि कोरोना की चौथी लहर दस्तक देती हुई लग रही है। उत्तराखण्ड में भी कोरोना के कुछ केसेज बड़े हैं। यात्रा सीजन है, यात्री भी आएंगे, पर्यटक भी आएंगे। हमें एक न्यूनतम् सावधानी जिसको मास्क कहा जाता है उसको बरतने का अभियान चलाना चाहिये। जब तक चौथी लहर आये और निपट नहीं जाती है, तब तक मास्क पहनने की सावधानी रखनी चाहिये। यदि संक्रमण बढ़ गया तो ऐसी हालात में यात्रा रोकनी पड़ेगी। पर्यटक के आने पर नियंत्रण रखना पड़ेगा और यह स्थितियां राज्य की अर्थव्यवस्था के लिये अच्छी नहीं होंगी। इसलिये अभी से एक सावधानी बरतने का अभियान चलाया जाय और जो यात्री आ रहे हैं उनको भी उनके इंट्री पाॅइंट में मास्क मिल जाय या यह अनुरोध सब तक चला जाय, जितने बुकिंग करने वाले लोग हैं। चाहे पर्यटन व्यवसाय के हों, चाहे यात्रा व्यवसाय के हों उनको चाहिये, लोगों से यह कहें कि उत्तराखण्ड में मास्क पहनने की अनिवार्यता है, वो अपने साथ अच्छी क्वालिटी का मास्क लाएं। उम्मीद है पर्यटन से जुड़े लोग इस सुझाव पर विचार करेंगे।

