महिला होमगार्डों के लिए खुशखबरी -: मिलेगा मातृत्व अवकाश, लगी मुहर

देहरादून| राज्य में अन्य सरकारी विभागों में तैनात महिला कर्मचारियों की तरह ही अब महिला होमगार्डों को भी मातृत्व अवकाश दिया जाएगा|

Advertisements


बता दें, होमगार्ड विभाग की इस सिफारिश पर शासन ने हरी झंडी दे दी है| ऐसे में अब महिला होमगार्डों को मातृत्व अवकाश के लिए परेशानी नहीं झेलनी पड़ेगी|
कमांडेड जनरल-होमगार्ड आईजी केवल खुराना की ओर से होमगार्डों को लगातार पुलिस विभाग की तरह सुविधा मुहैया कराने का प्रयास किया जा रहा है| अब जब होमगार्ड को मातृत्व अवकाश की सुविधा नहीं थी, लेकिन हाल ही में आईजी केवल खुराना की ओर से पुलिस और अन्य सरकारी विभागों में तैनात महिला कर्मचारियों की तरह महिला होमगार्ड के लिए भी शासन से मातृत्व अवकाश की सिफारिश की गई थी| इस दौरान कहा गया था कि महिला सिपाही की तरह महिला होमगार्ड का भी आमजन की सुरक्षा और विभाग के अन्य कार्यों में अहम योगदान रहता है| महिला होमगार्ड भी पुलिस के कंधे से कंधा मिलाकर अपनी ड्यूटी देती है| इस कारण महिला होमगार्ड को भी महिला सिपाही की तरह ही मातृत्व अवकाश मिलना चाहिए| शासन ने आईजी केवल खुराना की सिफारिश को गंभीरता से लिया|


अपर मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने महिला होमगार्डों को भी मातृत्व अवकाश प्रदान करने की अनुमति दे दी है|
बता दें, अब मातृत्व अवकाश के दौरान महिलाओं होमगार्ड का वेतन नहीं कटेगा| उन्हें मातृत्व अवकाश का पूरा वेतन दिया जाएगा| इसके अलावा मातृत्व अवकाश के दौरान उच्च अधिकारी महिला होमगार्ड की कुशलक्षेम की भी जानकारी लेंगे|