
गरुड़ ( बागेश्वर) । तहसीलदार निशा रानी ने सार्वजनिक पुस्तकालय को तीन दर्जन पुस्तकें प्रदान की। इस मौके पर तहसीलदार ने कहा कि पुस्तकें की इंसान की सच्ची मित्र होती हैं और पुस्तकें ही मनुष्य के जीवन को संवारती हैं।
सिविल सोसाइटी के तत्वाधान में विगत दस वर्षों से गरुड़ में सार्वजनिक पुस्तकालय का संचालन किया जा रहा है। पुस्तकालय में कंप्यूटर समेत निःशुल्क वाईफाई की सुविधा भी है। नगरीय क्षेत्र के अलावा प्रतिदिन दूरदराज क्षेत्रों से भी यहां बच्चे पढ़ने आते हैं। युवा नियमित प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। तहसीलदार निशा रानी ने सिविल सोसाइटी के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि युवाओं को पुस्तकालय का भरपूर लाभ उठाना चाहिए। उन्होंने कहा कि यह पुस्तकालय क्षेत्र की प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने साहित्य, कला, संस्कृति, सामान्य ज्ञान समेत प्रतियोगी परीक्षाओं की तीन दर्जन पुस्तकें प्रदान की। इस दौरान सिविल सोसाइटी के अध्यक्ष एडवोकेट डीके जोशी, पुस्तकालयाध्यक्ष चंद्रशेखर बड़सीला, कानूनगो मोहन सिंह भाकुनी, राजस्व उप निरीक्षक रघुवीर सिंह फर्सवाण आदि मौजूद थे।

