
आज मंगलवार को सुबह 6:20 बजे केदारनाथ के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए हैं| कपाट उद्घाटन के अवसर पर मंदिर को 35 क्विंटल फूलों से सजाया गया है| इस अवसर पर 10 हजार से अधिक श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंचे|
गायक रूप कुमार राठौर और सोनाली राठौर ने भजन प्रस्तुति दी| धार्मिक परंपराओं के निर्वहन के साथ-साथ बाबा केदार की पंचमुखी भोग मूर्ति चल उत्सव विग्रह डोली में विराजमान होकर रावल निवास से मंदिर परिसर में पहुंची| जहां रावल ने भक्तों को आशीर्वाद दिया| रावल एवं श्री बदरीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारियों की मौजूदगी में प्रशासन की ओर से मंदिर के कपाट खोले गए| इस दौरान धाम महादेव के जयकारों से गूंज उठा|
इसके बाद मुख्य पुजारी शिवलिंग ने गर्भगृह में भगवान केदारनाथ की विशेष मूर्ति अर्चना की| इसके बाद ग्रीष्मकाल के लिए केदारनाथ के दर्शन शुरू हो गए हैं|
आज से ही केदारनाथ धाम में हेली सेवा का संचालन शुरू हो गया है| जिसके लिए 7 मई तक बुकिंग फुल हो चुकी है|
वहीं, अब 27 अप्रैल को बद्रीनाथ धाम के कपाट खुलेंगे| इससे पूर्व गंगोत्री-यमुनोत्री धाम के कपाट 22 अप्रैल को खुल चुके हैं|

