महंगाई और बेरोजगारी के खिलाफ कांग्रेस का देशव्यापी विरोध प्रदर्शन, दिल्ली में धारा 144

नई दिल्ली| कॉन्ग्रेस बेरोजगारी- महंगाई के खिलाफ देशव्यापी विरोध प्रदर्शन में उतर गई है| इस बीच एआईसीसी मुख्यालय में बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता जमा हो गए हैं| वही ईडी द्वारा राहुल गांधी और सोनिया गांधी से नेशनल हेराल्ड मामले में पूछताछ करने पर कांग्रेस केंद्र सरकार पर पहले से ही हमलावर है| ईडी की कार्यवाही पर राहुल गांधी आज सुबह प्रेस कॉन्फ्रेंस करेंगे| दिल्ली पुलिस ने एक परामर्श जारी किया है और कहा कि प्रदर्शन के मद्देनजर लुटियंस दिल्ली के कुछ हिस्सों में यातायात प्रभावित रहने की आशंका है| पुलिस ने इसके लिए विशेष व्यवस्था की है और प्रमुख सड़कों पर भीड़ भाड़ वाले संभावित स्थानों के आधार पर मार्ग परिवर्तन का सुझाव दिया है| कांग्रेस कार्यकर्ता आज सुबह 11:00 बजे राष्ट्रपति भवन की ओर मार्च करेंगे| इससे पहले पुलिस अधिकारियों ने विजय चौक पर सुरक्षाकर्मियों को जानकारी दी| इसी बीच दिल्ली में बारिश भी शुरू हो गई है लेकिन प्रदर्शनकारियों का कहना है कि चाहे कुछ भी हो जाए हम अपना प्रदर्शन नहीं रोकेंगे|
कांग्रेस नेता अल्का लांबा ने कहा कि, देश में बढ़ती महंगाई, बेरोजगारी ,जीएसटी बढ़ाने और सेना में ठेका प्रथा अग्निपथ योजना के खिलाफ कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन सत्याग्रह तब तक जारी रहेगा, जब तक सरकार इस पर कोई राहत नहीं देती| कांग्रेस मुख्यालय में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे लगे हैं| इस बीच दिल्ली पुलिस ने कहा कि जंतर मंतर को छोड़कर नई दिल्ली के पूरे इलाके में सीआरपीसी की धारा 144 लागू है|