चारधाम यात्रा 2023 -: शीतकाल के लिए बंद हो जाएगी चारधाम यात्रा, इस दिन होंगे बदरी-केदार के कपाट बंद

देहरादून| चारधाम यात्रा शीतकाल के लिए अब बंद हो जाएगी| 24 अक्टूबर को दशहरा के दिन बद्रीनाथ धाम के कपाट बंद करने के शुभ मुहूर्त की घोषणा की जाएगी, जबकि 15 नवंबर को भैया दूज के दिन केदारनाथ धाम और यमुनोत्री धाम के कपाट बंद होंगे|


बता दें, गंगोत्री मंदिर समिति ने 14 नवंबर को गंगोत्री धाम के कपाट बंद करने की तिथि तय कर दी है|
बीकेटीसी मीडिया प्रभारी डॉ. हरीश गौड़ के मुताबिक, दशहरे की दिन बद्रीनाथ मंदिर परिसर में धार्मिक समारोह आयोजित किया जाएगा| जिसमें बद्रीनाथ-केदारनाथ मंदिर समिति के अध्यक्ष राजेंद्र अजय की उपस्थिति में रावल एवं कर्माधिकारी पंचांग गणना के बाद कपाट बंद होने के मुहूर्त की घोषणा करेंगे|


भगवान केदारनाथ की पंचमुखी उत्सव मूर्ति शीतकालीन प्रवास के लिए ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ पहुंचेगी| विजयदशमी को ही द्वितीय केदार मद्महेश्वर के कपाट बंद होने की तिथि ओंकारेश्वर मंदिर ऊखीमठ और तृतीय केदार तुंगनाथ के कपाट बंद होने की तिथि शीतकालीन गद्दी स्थल मार्कंडेय मंदिर मुक्कुमठ मे तय होगी|