
देहरादून| एक नवजात का सिर कटा शव मसूरी रोड पर मिला है| जिससे क्षेत्र में सनसनी मची हुई है| राहगीरों ने पुलिस को इसकी सूचना दी| पुलिस ने शव को लेकर जांच शुरू कर दी है|
मसूरी के कोतवाल दिगपाल सिंह ने कहा कि, बीते दिवस दोपहर में राहगीरों द्वारा सूचना मिली कि जेपी बैंड के पास झाड़ियों में एक नवजात का शव पड़ा है| शव दो-तीन दिन के बच्चे का है| काफी खोजबीन करने के बाद भी उसका सिर नहीं मिला है| उनका कहना है कि शव को देखकर ऐसा लग रहा है कि अस्पताल में डिलीवरी के बाद उसे झाड़ियों में फेंका गया है| शव को डीएनए जांच के लिए सुरक्षित रखा गया है| जांच के लिए अस्पतालों का रिकॉर्ड चेक किया जा रहा है| पिछले तीन-चार दिन में आसपास के अस्पतालों में जितनी भी डिलीवरी हुई है उनकी जांच हो रही है|
एसपी सिटी सरिता डोभाल ने कहा कि हाल के दिनों में जिन-जिन अस्पतालों में प्रसव हुए हैं उनकी जांच होगी| आशाओं और आगनबाड़ी केंद्रों में भी गर्भवती महिलाओं के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है| क्योंकि शव जिस चादर में लिपटा है, ऐसी चादर अस्पताल में प्रयोग होती है| यदि कोई शिकायत करता है तो पुलिस मुकदमा दर्ज करेगी| हालांकि, शिकायत न आने के बाद भी पुलिस अपनी ओर से मुकदमा दर्ज कर सकती है| फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है| पुलिस का कहना है कि एक बच्चे के साथ ऐसा सुलूक पहली बार देखा है|
