
चंपावत| अल्मोड़ा के लिए निकले एसएसबी जवान के लापता होने की सूचना मिली है|
सशस्त्र सीमा बल पंचम वाहिनी में तैनात जवान पंकज कुमार की गुमशुदगी मामले में चंपावत जिले की तामली पुलिस ने सहायक सेनानायक की शिकायत पर प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है|
मिली जानकारी के अनुसार उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर के ग्राम व पोस्ट जनकपुरी थाना सिविल लाइन निवासी हेड कांस्टेबल पंकज पुत्र जयकिशन इन दिनों नेपाल सीमा से लगे तामली में तैनात हैं| 23 दिसंबर को एसएसबी कैंप से वह राजकार्य के लिए उपमहानिरीक्षक कार्यालय अल्मोड़ा के लिए रवाना हुए, लेकिन 27 दिसंबर को अल्मोड़ा से सूचना मिली कि जवान वहां नहीं पहुंचा| इसके बाद एसएसबी ने पंकज से संपर्क करने की काफी कोशिश की, लेकिन असफल रहे| इस पर सहायक सेनानायक ने तामली थाने में तहरीर देकर जवान की गुमशुदगी दर्ज कराई|
मिल रही जानकारी के अनुसार पंकज का नंबर बंद आ रहा है, इस कारण सर्विलांस से लोकेशन ट्रैस नहीं हो पा रही है|

