
पंजाब के राज्यपाल बनवारीलाल पुरोहित ने एक विधायक-एक पेंशन योजना को मंजूरी दे दी है| यह फाइल काफी समय से राज्यपाल के पास अटकी हुई थी| उनकी मंजूरी के बाद इस संबंध में गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है| यह जानकारी खुद पंजाब के सीएम भगवंत मान ने ट्वीट करके दी है|
पंजाब की भगवंत मान सरकार इसी वर्ष 1 जुलाई को इस संबंध में विधानसभा में विधेयक लेकर आई थी| इसके बाद इसे मंजूरी के लिए राज्यपाल को भेज दिया गया था| इस संबंध में अधिसूचना जारी होने के बाद अब राज्य में विधायक को एक ही पेंशन मिलेगी| अब तक हर कार्यकाल की अलग-अलग पेंशन मिलती थी| बताते चलें कि इससे पूर्व 2 मई को भगवंत मान कैबिनेट ने एक विधायक-एक पेंशन योजना को मंजूरी दी थी| इसके बाद फाइल राज्यपाल को भेजी गई थी| लेकिन राज्यपाल ने यह कहते हुए फाइल लौटा दी कि इस संबंध में विधानसभा में बिल पेश किया जाए| इसके बाद भगवंत मान सरकार ने 1 जुलाई को विधानसभा में विधेयक पेश किया था| विधायकों के पास एक से ज्यादा पेंशन जा रही थी, जिस कारण सरकार पर 19.53 करोड़ का वित्तीय बोझ हर साल पड़ रहा था| कई पूर्व विधायक तो ऐसे भी हैं जिनकी पेंशन 5 लाख तक बन रही थी| सरकार के इस फैसले से हर साल खजाने पर करोड़ों रुपए का बोझ कम होगा|
